
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इससे पहले मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने भी राजधानी के मौसम का मिजाज बदल दिया था। हालांकि कई इलाकों में जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बुराड़ी, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, दिल्ली विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, कश्मीरी गेट, शाहदरा, विवेक विहार, लाल किला, प्रीत विहार के साथ-साथ गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, इंदिरापुरम, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.5°C और न्यूनतम 27.4°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि आया नगर में अधिकतम तापमान 30.6°C और न्यूनतम 25.6°C रहा, जो सामान्य से कम है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहावना बना रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 5 और 6 अगस्त को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जबकि 7 से 10 अगस्त के बीच भी कई इलाकों में हल्की वर्षा के आसार हैं। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।