
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसा ऊंचे पुल पर हुआ, जहां एक स्कूल बस ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान शीबा निवासी शेरकोट, बिजनौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शीबा सुबह घर से नौकरी के लिए निकली थी। इसी दौरान ऊंचे पुल पर तेज रफ्तार स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली बस किसी नामी स्कूल की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी जानकारी सामने आ सके।
वहीं, शीबा की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। सुबह नौकरी के लिए घर से निकली शीबा की मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो उनकी खुशियां मातम में बदल गईं।