
हल्द्वानी। शहर के बनभूलपुरा स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान भूत-प्रेत की अफवाह फैलने से छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा के दौरान कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने की शिकायत सामने आई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी अन्य छात्राएं घबरा गईं और कुछ छात्राएं डर के कारण रोने लगीं। देखते ही देखते कॉलेज में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई, जिसके बाद परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया।
अफवाह फैलने की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। काफी प्रयास के बाद माहौल सामान्य हुआ। इसके बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी, लेकिन भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
फिलहाल घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने छात्राओं और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।