
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के संकल्प की सफलता की कामना को लेकर उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की। उन्होंने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया और गंगाजल ग्रहण करने के बाद ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुईं।
कांवड़ यात्रा के दौरान संत-महात्माओं और खेल प्रेमियों ने भी रेखा आर्य के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि समेत कई संत मौजूद रहे।
रेखा आर्य ने कहा कि वह मां गंगा का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंची हैं। उन्होंने भारत की ओर से वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के प्रयासों की सफलता और देश की समृद्धि की कामना की।
मंत्री ने कहा कि ओलंपिक केवल खेलों का आयोजन नहीं, बल्कि देश की क्षमता, युवा शक्ति और खेल प्रतिभाओं को दुनिया के सामने रखने का बड़ा अवसर होगा। उन्होंने भारत की ओलंपिक मेजबानी के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।
हरिद्वार से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा ऋषिकेश के वीरभद्र महादेव मंदिर तक पहुंचेगी, जहां गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान संतों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने इसे धार्मिक आस्था के साथ खेलों से जुड़े संकल्प का भी रूप दिया।