
देहरादून। भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा आज त्रयोदशी के अवसर पर धूमधाम से निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे और टपकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की।
शोभायात्रा का शुभारंभ सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला, आढ़त बाजार से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज सहित देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। आयोजकों के अनुसार इस बार शोभायात्रा को पहले की तुलना में और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने के प्रयास किए गए हैं।
शोभायात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर 50-50 लोगों की दो सफाई टीमें अलग-अलग समय पर तैनात की गई हैं। ये टीमें शोभायात्रा के गुजरने के तुरंत बाद सड़कों की सफाई करेंगी।
वहीं स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था के लिए दो एंबुलेंस यात्रा के साथ चल रही हैं। इनमें दो डॉक्टर और चार नर्स तैनात हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी शोभायात्रा के साथ मौजूद है।
श्रद्धालुओं और शहरवासियों में शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 🕉️🚩