
देहरादून। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और लंबी व मध्यम दूरी की भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।
खेल विभाग ने विभिन्न खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
शासन के आदेश के अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए चार खिलाड़ियों को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार दिया जाएगा। इनमें बागेश्वर की मॉर्डन पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती, काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह, रुड़की हरिद्वार के पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और पिथौरागढ़ की बॉक्सर खुशी चंद्र शामिल हैं।
रोइंग कोच मुकेश शर्मा, निवासी धर्मावाला देहरादून, को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं हल्द्वानी, नैनीताल के बॉक्सिंग कोच मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2024-25 के लिए भारतीय धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा।
शासन के मुताबिक वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए विभाग को कोई आवेदन नहीं मिला। वहीं देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए तीन और देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए थे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उत्तराखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी। 🏅