
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-एक की ओर से जारी आदेश के अनुसार तीन आईएएस, एक पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सभी अधिकारियों को अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईएएस विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव, नागरिक उड्डयन और महानिदेशक, कृषि एवं उद्यान का दायित्व दिया गया है। उन्हें अपर सचिव, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी से अपर सचिव, आवास विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। उनके अन्य विभाग यथावत रहेंगे।
पीसीएस अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के पद से कार्यमुक्त किया गया है।
सचिवालय सेवा के सुनील सिंह को अपर सचिव, गृह विभाग के पद से हटाकर अपर सचिव, आवास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रैकली को अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
शासन के आदेश के मुताबिक नई तैनाती के तहत संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालेंगे।