
ऋषिकेश/डोईवाला: उत्तराखंड में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत देकर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे थे। कभी दहेज की मांग तो कभी उसे अपशकुन और मनहूस बताकर प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू समेत अन्य परिजनों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मौत से पहले सृष्टि का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी परेशानी जाहिर करती नजर आ रही है। वीडियो में उसके कथित आखिरी शब्दों ने लोगों को झकझोर दिया है।
सृष्टि एक शिक्षिका (प्रवक्ता) थीं, जबकि उनके पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। शादी के कुछ समय बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। आरोप है कि इस घटना का दोष भी सृष्टि पर लगाया गया और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
वहीं, ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।
फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।