
मसूरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) पहुंचे। यहां उन्होंने वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के लिए आयोजित IAS प्रोफेशनल कोर्स फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अकादमी पहुंचने पर उपराष्ट्रपति ने सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अकादमी परिसर में आयोजित समापन समारोह में हिस्सा लिया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्ष 2024 बैच के IAS अधिकारियों को प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित प्रशासन के लिए काम करने का संदेश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को देश की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आम जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उपराष्ट्रपति के मसूरी दौरे को लेकर LBSNAA परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।