
दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद थीं उर्मिला सनावर, 50 हजार के निजी मुचलके और दो जमानतियों पर रिहाई के आदेश
हरिद्वार। पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन दोनों के अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब मामले में अगली तारीख तय की जाएगी।
वहीं, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती पेश करने की शर्त पर रिहाई के आदेश दिए हैं। जमानत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंगलवार को उनकी जेल से रिहाई की बात सामने आई थी।
24 अक्तूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
दीपिका राठौर ने 24 अक्तूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और रविदास धाम अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया। इसके बाद पुलिस ने 25 अक्तूबर को सहारनपुर स्थित घर से उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद उनकी ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई। पहले जांच आख्या उपलब्ध नहीं होने और फिर अन्य कारणों से सुनवाई टल गई थी। आखिरकार सोमवार को अदालत ने जमानत याचिका मंजूर कर ली।
CBI कोर्ट में पेशी नहीं होने से सुनवाई टली
इस प्रकरण में मंगलवार को सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की सीबीआई कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन दोनों के नहीं पहुंचने के कारण अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। अब मामले में अगली तारीख का इंतजार है।