
लालकुआं। रोजी-रोटी कमाने घर से निकले 30 वर्षीय मजदूर पवन सिंह की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। डंपर से गिर रही रेत को रोकने की कोशिश के दौरान वह रेत के भारी ढेर के नीचे दब गया और दम घुटने से उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार लालकुआं निवासी पवन सिंह रविवार को रोजाना की तरह मजदूरी करने चौफुला-कठघरिया मार्ग पर गया था। वहां डंपर में रेत लोड और अनलोड करने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि डंपर से रेत गिरने से रोकने के लिए पवन उसके किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना ध्यान दिए डंपर में और रेत डाल दी।
अचानक गिरी भारी मात्रा में रेत के नीचे पवन दब गया। कुछ ही देर में डंपर रेत से भर गया। आसपास मौजूद मजदूरों ने जब रेत हटानी शुरू की तो कुछ देर बाद उन्हें पवन का हाथ दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मजदूरों ने तुरंत रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक दबे रहने के कारण पवन की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि डंपर लोड करते समय सावधानी बरती जाती तो शायद पवन की जान बच सकती थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।