
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मानसून की पहली तेज बारिश ने करोड़ों रुपये की लागत से बने नए पुल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया पुल बारिश का दबाव नहीं झेल पाया और इसका एक बड़ा हिस्सा धंस गया।
पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से पुल पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। अचानक हुई इस क्षति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में तैयार हुए पुल के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड के पास भी भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और 2 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।