
देहरादून। पंजाबी समाज को कथित तौर पर ‘पाकिस्तानी’ कहे जाने की टिप्पणी को लेकर उत्तराखंड में सियासी और सामाजिक विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा नेता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कांग्रेस से जुड़ी नेता आकांक्षा नेगी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने टिप्पणी को पंजाबी समाज का अपमान बताते हुए आकांक्षा नेगी की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है।
कुंवर जपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आकांक्षा नेगी ने यह बयान कुछ बड़े नेताओं के कहने पर दिया है। उनका कहना है कि इस टिप्पणी से पंजाबी समाज में रोष और आहत की भावना है। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और समाज ने विभिन्न दौर में देश की रक्षा और संघर्ष में अहम भूमिका निभाई है।
भाजपा नेता ने कहा कि किसी भी समाज को इस तरह अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए आकांक्षा नेगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पंजाबी समाज से जुड़े लोगों ने भी चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कुंवर जपेंद्र सिंह के साथ पंजाबी समाज के लोग आमरण अनशन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ और पंजाबी समाज से जुड़े लोगों ने कथित टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया है। आरोप लगाया गया है कि इस तरह की बयानबाजी से पहाड़ी और मैदानी समाज के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश हो रही है।
वक्ताओं ने कहा कि देश के निर्माण और स्वतंत्रता के बाद के विकास में पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में किसी भी समुदाय के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।
फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और पंजाबी समाज की ओर से कार्रवाई की मांग लगातार उठाई जा रही है।