
देहरादून/बदरीनाथ: बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को चार दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद न्यायालय ने पुरसाड़ी जेल भेज दिया है। पुलिस ने पूछताछ और छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से चांदी की मूर्ति और पीली धातु की एक वस्तु बरामद की है। मामले की जांच शासन द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति भी कर रही है।
प्रमोद नौटियाल पर दान गणना के दौरान नकदी में कथित हेराफेरी करने का आरोप है। वह 28 जुलाई 2026 से पुलिस रिमांड पर था। न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ हीरा कौसर की अदालत ने शुक्रवार को उसकी रिमांड समाप्त होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने बदरीनाथ स्थित आरोपी के कमरे से चांदी के सिक्के और नेपाली मुद्रा बरामद की थी। वहीं देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए। पुलिस अब बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
उधर, शासन द्वारा आयुक्त की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच समिति भी मामले की स्वतंत्र जांच में जुटी है। समिति ने वर्तमान मंदिर अधिकारी, गणना कक्ष और प्रोटोकॉल कक्ष के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून तलब किया है।
पुलिस अब मामले के सह-आरोपी राजेंद्र चौहान की संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच करेगी। राजेंद्र चौहान बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में पूर्व मंदिर अधिकारी और थाली भेंट गणना के नोडल अधिकारी रह चुके हैं। वह 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन मामले में नाम सामने आने के बाद फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।