
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी पहाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त हो गई। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ समय के लिए बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा रोकनी पड़ी। करीब आठ घंटे बाद हाईवे पर आवाजाही शुरू कर दी गई और यात्रा फिर से जारी है।
बारिश के बीच हाथी पहाड़ के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें सड़क को सुरक्षित बनाने और यातायात सुचारु रखने में जुटी रहीं।
वहीं मारवाड़ी चौकी के आगे क्रशर के पास भी हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आने से परेशानी बढ़ गई। यहां सड़क कई जगह से धंस गई है। इसके चलते वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देहरादून में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ एक-दो दौर की बारिश होने का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
प्रशासन की ओर से हाईवे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश के कारण संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।