
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिन के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं। साथ ही मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आज और कल के लिए यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
इस बीच उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की भी संभावना है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि लोग नदी-नालों के किनारे जाने से बचें तथा पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। मौसम विभाग के अनुसार 2 अगस्त तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों से मौसम संबंधी अपडेट के बाद ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।