
मसूरी। मसूरी शहर के लाइब्रेरी–किंग्रेग मार्ग स्थित हुसैनगंज क्षेत्र में एक महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर रात फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका के पति होमगार्ड में तैनात हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में नियमानुसार प्रशासन की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने अपनी चुनरी के सहारे पंखे से लटककर जान दी। हालांकि, घटनास्थल की तलाशी के दौरान फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही, मृतका के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
फिलहाल, FSL टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पुलिस जांच के आधार पर ही मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।