
रुड़की: कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलौर क्षेत्र में शनिवार देर रात हंगामा हो गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे कांवड़ खंडित हो गई।
कांवड़ टूटने के बाद मौके पर मौजूद अन्य कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गोल्डन ढाबे के पास रात करीब नौ बजे कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और जमकर तोड़फोड़ कर दी। वायरल वीडियो में कुछ लोग डंडों से कार के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाते हुए नजर आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। मामले में एक कांवड़िये को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के पास घटना की वीडियो फुटेज मौजूद है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।