
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह हालात बिगड़ गए। सोनप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने से सड़क बंद हो गई, जिससे केदारनाथ यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच मुनकटिया के पास पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं सोनप्रयाग से आगे घाटी की ओर सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और सड़क का हिस्सा नीचे से कट जाने के कारण सावधानी के साथ यातायात संचालित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है। विभाग की टीम मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने में जुटी हुई है।
वहीं, जिले में लगातार बारिश के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह अलकनंदा नदी का जलस्तर 627.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 627.00 मीटर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 626.50 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 626.00 मीटर से ऊपर है।
नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। आपदा प्रबंधन विभाग, नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।