
हरिद्वार। स्कूल से छुट्टी के बाद लापता चल रहे 14 वर्षीय किशोर आर्यन भट्ट का शव शुक्रवार को ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
रसूलपुर निवासी आर्यन भट्ट पुत्र मंगलेश भट्ट कक्षा नौ में पढ़ता था। बृहस्पतिवार को वह लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज से छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। छात्र के नदी की ओर जाने की आशंका को देखते हुए रवासन नदी के आसपास भी खोजबीन की गई।
तलाश के दौरान सामने आया कि आर्यन स्कूल की छुट्टी के बाद मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह नजर आया। इसी रास्ते से होकर रसूलपुर गांव की ओर जाया जाता है।
रवासन नदी में उस समय जलस्तर बढ़ा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आशंका जताई गई कि किशोर नदी के तेज बहाव की चपेट में आया हो सकता है। इसके बाद परिवार और ग्रामीण देर रात तक नदी के आसपास उसकी तलाश करते रहे।
शुक्रवार तड़के से किशोर की तलाश दोबारा शुरू की गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी खोजबीन में जुटी रही। इसी दौरान ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे किशोर का शव बरामद हुआ।
लालढांग चौकी प्रभारी गगन मैठाणी ने बताया कि रवासन नदी के किनारे ढंडियानवाला में किशोर का शव मिला है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आर्यन परिवार में अपनी दो बहनों अंजली और प्रियंका का छोटा और इकलौता भाई था। उसके पिता वन विभाग में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्य करते हैं। किशोर की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी