
हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे के हल्द्वानी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रैली को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रवेश मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
बेलबाबा क्षेत्र में पुलिस हर वाहन की जांच कर रही है। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोककर चालकों की जानकारी दर्ज की जा रही है, जिसके बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। पुलिस ने रैली को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
खरगे की जनसभा के लिए रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। मुख्य गेट से केवल कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि नेता और कार्यकर्ता अन्य गेटों से मैदान में पहुंचेंगे।
रैली स्थल पर तीन राजपत्रित अधिकारियों, चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगी।
मल्लिकार्जुन खरगे का यह पहला हल्द्वानी दौरा है। कांग्रेस ने उनकी जनसभा के साथ उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत करने का संकेत दिया है। पार्टी का दावा है कि इस रैली का प्रभाव केवल नैनीताल और ऊधमसिंह नगर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी के अभियान को मजबूती मिलेगी।
रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार शाम रामलीला मैदान का निरीक्षण किया था।
हल्द्वानी पहुंचने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे के लिए उत्तराखंड के स्थानीय स्वाद वाला पारंपरिक भोजन भी तैयार किया जाएगा। विधायक सुमित हृदयेश के अनुसार, सावन के महीने को देखते हुए भोजन में दाल, रोटी, मिक्स वेज, पहाड़ी रायता, पनीर की सब्जी और चावल परोसे जाएंगे।
फिलहाल खरगे की रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।