
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच हरोली उपमंडल की पंडोगा खड्ड में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बहाव के बीच कॉजवे पार करते समय एक कार पानी में बह गई। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवकों ने समय रहते गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। चंबा जिले के डलहौजी निवासी रोहित कुमार अपने एक साथी, जो पालमपुर (कांगड़ा) का रहने वाला है, के साथ पंडोगा खड्ड के कॉजवे से गुजर रहे थे। लगातार बारिश के कारण खड्ड में पानी का जलस्तर काफी बढ़ चुका था और बहाव बेहद तेज था।
बताया जा रहा है कि चालक पानी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाया। जैसे ही कार कॉजवे पर पहुंची, वह तेज धारा में फंस गई। चालक ने कार को वापस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन करीब 100 मीटर तक बह गया।
स्थिति गंभीर होती देख दोनों युवकों ने तुरंत कार से छलांग लगा दी। उनकी सूझबूझ के चलते दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से कार को खड्ड से बाहर निकाला गया।
लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले और खड्ड उफान पर हैं, जिससे कई कॉजवे पर पानी का बहाव तेज हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मौसम में जोखिम उठाकर जलमग्न कॉजवे पार करने का प्रयास न करें।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि चालक से पूछताछ की गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।