
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मैहला क्षेत्र के पास भरमौर की ओर जा रही श्रद्धालुओं की एक थार गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिर गया। पत्थर वाहन के सनरूफ को तोड़ते हुए सीधे अंदर जा गिरा, जिससे एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 3:00 बजे हुआ। श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मैहला के समीप अचानक पहाड़ी से चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर वाहन पर आ गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का सनरूफ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में माखन सिंह (40) पुत्र शरवन सिंह, निवासी होशियारपुर (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन में सवार अन्य श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
लगातार हो रही बारिश के कारण चंबा सहित पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से खराब मौसम में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।