
देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस अपने राजनीतिक अभियान को धार देने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अगले महीने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं, जबकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पौड़ी जिले में जनसभा प्रस्तावित है। दोनों कार्यक्रम दिवाली के बाद आयोजित होने की संभावना है। हालांकि, जनसभाओं की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि दोनों नेताओं के कार्यक्रमों की तिथि एक नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक में तय की जाएगी। इसके बाद जनसभाओं का अंतिम कार्यक्रम जारी किया जा सकता है।
राहुल गांधी की धारचूला में प्रस्तावित जनसभा को सीमांत क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा की पौड़ी में होने वाली संभावित सभा के माध्यम से कांग्रेस पहाड़ से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, इन जनसभाओं में अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी, पलायन, भूमि और मूल निवास जैसे मुद्दे उठाए जा सकते हैं। कांग्रेस इन विषयों के जरिए प्रदेश की जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने और राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करेगी।
कांग्रेस की रणनीति इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने और जनसंपर्क बढ़ाने की है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की संभावित सभाओं को पार्टी के आगामी राजनीतिक अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फिलहाल, सभी की नजरें एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक पर हैं, जिसमें दोनों जनसभाओं की तारीख और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।