
नेहनार-जुब्बल मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस ने पकड़ा, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
जुब्बल (शिमला)। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जुब्बल पुलिस ने नेहनार-जुब्बल मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 33 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोविंद (18) पुत्र बालक राम निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 3 नवंबर को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने नेहनार-जुब्बल मार्ग पर नियमित गश्त के दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश किया जाएगा।
वहीं, पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इसके अलावा नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।