
मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, पैर में लगी गोली; डकैती के मामले में थी तलाश, बदमाश की फायरिंग में बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दक्षिणी इलाके में रविवार तड़के गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश स्वान उर्फ सवान मुछर मामा घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस इस बदमाश को डकैती के एक मामले में तलाश रही थी। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बदमाश के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और मुठभेड़ के अन्य पहलुओं की पुष्टि का इंतजार है।