
हेलिकॉप्टर से उतारी गई एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम, गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे से खोह और गुफाओं में करेगी तलाश
उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। मौसम साफ होने के बाद बचाव दलों ने खोजबीन शुरू की है। हालांकि, क्षेत्र की संकरी घाटी रेस्क्यू टीमों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार, एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय टीम को हेलिकॉप्टर के जरिए संबंधित स्थान पर उतारा गया है। टीम सुबह से लापता पर्वतारोहियों की तलाश में जुटेगी।
इसके साथ ही गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे की ओर से अभियान चलाएगी। यह टीम खोह, गुफाओं और ऐसी जगहों पर तलाश करेगी, जहां पर्वतारोही सुरक्षा के लिहाज से शरण ले सकते हैं।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने बताया कि पिछले महीने कालिंदी पास (कालिंदी खाल) ट्रेक के पास फंसे पर्वतारोहियों के लिए चलाए गए रेस्क्यू अभियान की परिस्थितियां अलग थीं। वहां का क्षेत्र खुला और चौड़ा था, जहां हेलिकॉप्टर उतर सकता था। खुले क्षेत्र में हेलिकॉप्टर से तलाश करना भी अपेक्षाकृत आसान था और पर्वतारोही भी बचाव दल को देख सकते थे।
उन्होंने बताया कि केदारताल क्षेत्र में घाटी संकरी होने के कारण खोज अभियान चुनौतीपूर्ण है। फिलहाल एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम को मौके पर उतारा गया है, जबकि गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम नीचे से तलाश कर रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य टीमों की मदद भी ली जाएगी।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी टीमें संभावित ठिकानों पर लापता पर्वतारोहियों का सुराग तलाश रही हैं।