
नई दिल्ली। दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इंदिरा कॉलोनी निवासी सोनू बाइक से जा रहा था, तभी डीटीसी बस की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस बस की पहचान करने में जुटी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:23 बजे पंजाबी बाग थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि डीटीसी बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया था। मृतक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी सोनू के रूप में हुई है।
सोनू अपने परिवार के साथ कॉलोनी की एक झुग्गी में रहता था। उसके पिता चिकन की दुकान चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सोनू का 17 वर्षीय छोटा भाई विकास डिलीवरी बॉय का काम करता है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल डीटीसी बस की पहचान कर उसे तलाशा जा सके। मामले में पुलिस कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।