
उत्तराखंड भाजपा की सह-प्रभारी बनने के बाद किया गढ़वाल क्षेत्र का दौरा, विदुषी निशंक ने किया स्वागत-अभिनंदन
मसूरी। भाजपा की राष्ट्रीय नेता एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज उत्तराखंड की सह-प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद पहली बार मसूरी पहुंचीं। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की पुत्री और भारत के पहले लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान दोनों के बीच समसामयिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। विदुषी निशंक ने बांसुरी स्वराज से हुई मुलाकात को आत्मीय और यादगार बताते हुए कहा कि विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद सुखद रहा।
दरअसल, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन ने बांसुरी स्वराज को गढ़वाल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में वह गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों का दौरा कर रही हैं। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं।
इन बैठकों में क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा के साथ कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। भाजपा का फोकस अभी से संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने पर है।