
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात कर राज्य की कानून व्यवस्था और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा सहित अन्य नेता भी शामिल रहे। अकाली दल ने बरनाला में महिला सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि कई कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। पार्टी ने मांग की कि मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुखबीर सिंह बादल ने राज्यपाल को वर्ष 2022 से 2026 के बीच पंजाब में सामने आए कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सूची भी सौंपी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों में वास्तविक स्थिति छिपा रही है, जबकि कई मामले फिलहाल उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं।
अकाली दल ने केंद्र सरकार से इन मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग भी दोहराई। साथ ही आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पंजाब के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। पार्टी ने राज्य सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।