
जालंधर: पंजाब के जालंधर शहर के बस्ती बावा खेल इलाके में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे जा पहुंची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए और सड़क किनारे लगा एक पेड़ भी टूट गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर एक निजी स्कूल संचालक की बताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वहीं कार चालक का कहना है कि सड़क पर सीवरेज का ढक्कन खुला होने के कारण टायर उसमें फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। दूसरी ओर, चश्मदीदों का दावा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और इसी वजह से दुर्घटना हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।