
अमृतसर: स्वतंत्रता दिवस से पहले अमृतसर देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजनाला क्षेत्र से खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) से कथित रूप से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करणवीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है, जो रामदास क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
एसएसपी कंवल प्रीत सिंह ने बताया कि जांच में आरोपियों के तार पहले हुए कुछ हमलों से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस का आरोप है कि यह मॉड्यूल पहले पुलिस प्रतिष्ठानों पर हुए बोतल बम और ग्रेनेड हमलों में शामिल रहा है तथा इसकी गतिविधियां कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर संचालित हो रही थीं।
पुलिस का यह भी कहना है कि पूछताछ में 23 जुलाई को चमियारी पुलिस चौकी पर हुए बोतल बम हमले, एएसआई जोगा सिंह की हत्या और खासा स्थित सेना क्षेत्र के बाहर हुए विस्फोट से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। हालांकि इन मामलों की जांच अभी जारी है।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई, फंडिंग, संभावित विदेशी संपर्क और पूरे मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।