
112 पर फोन कर सौंग नदी में शव फेंकने की दी थी सूचना
भाई-भाभी पर 20 हजार रुपये लेकर जाने का था आरोप, पुलिस ने काटा चालान
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक युवक की झूठी फोन कॉल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। युवक ने पुलिस को सूचना दी कि कालूवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर शव सौंग नदी में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और काफी देर तक शव की तलाश करती रहीं, लेकिन जांच में हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी निकली।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निगासन गांव निवासी अर्जुन चौहान ने अपने जीजा के मोबाइल फोन से 112 और जौलीग्रांट चौकी प्रभारी के नंबर पर कॉल की। उसने कालूवाला में हत्या कर शव सौंग नदी में फेंके जाने की सूचना दी। इसके बाद चौकी और थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कर दी।
20 हजार रुपये के विवाद में रची झूठी कहानी
काफी देर तक जांच और तलाश करने के बाद पुलिस सूचना देने वाले अर्जुन चौहान तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि वह क्षेत्र में धान की कटाई के काम के लिए आया हुआ श्रमिक है। उसने पुलिस को बताया कि उसके भाई और भाभी करीब 20 हजार रुपये लेकर चले गए हैं। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने जीजा के फोन से खुद की हत्या की झूठी सूचना देकर भाई-भाभी पर आरोप लगा दिया था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि हत्या की सूचना झूठी पाई गई है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति का चालान काटकर उसे भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी दी है।