
जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में तेज अंधड़ के चलते हुआ हादसा
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, घायल को बेस अस्पताल पहुंचाया
कोटद्वार। भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आ गए। हादसे में हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों लोग बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज अंधड़ चलने से अचानक विशाल पेड़ उनके ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस टीम तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान विक्रम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दलीप को उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।