
गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस और एक शातिर स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बाइक, 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और पीली धातु का टुकड़ा बरामद किया है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, इंदिरापुरम पुलिस टीम तिकौना पार्क और सेक्टर-62 कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गौर ग्रेविटी मॉल की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर आता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर सेक्टर-62 की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, भागते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान मनोज उर्फ असलम उर्फ आडे पुत्र बनवारी, निवासी नांगलोई, दिल्ली के रूप में हुई है। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी संजय शर्मा, निवासी नांगलोई, के साथ मिलकर बाइक और नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने करीब 15 दिन पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में भी स्नैचिंग की घटना करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास और साथी संजय शर्मा की भूमिका की भी जांच कर रही है।