
गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर मिठाइयों में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार रात सुदामापुरी, विजयनगर स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम को रसगुल्लों को सफेद करने के लिए सेफोलाइट केमिकल के इस्तेमाल का मामला सामने आया।
छापेमारी के दौरान मिठाई निर्माण इकाई में बेहद गंदा और अस्वच्छ माहौल पाया गया। तैयार रसगुल्लों में कीड़े और गंदगी भी मिली। इसके अलावा दूध को भी गंदे ड्रम में रखा गया था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से रंगीन रसगुल्ला, सफेद रसगुल्ला, दूध और सेफोलाइट के चार नमूने लिए। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब ढाई क्विंटल रंगीन और सफेद रसगुल्लों को नष्ट कराया गया।
जांच में इकाई संचालक कमल किशोर के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस भी नहीं मिला। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने पर इकाई का चालान किया गया और उसे बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर, देवांश चतुर्वेदी और नरेंद्र कुमार शामिल रहे।
रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी है।