
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है। करीब 13 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। आरोप है कि तीनों आरोपी पीड़िता के पड़ोसी हैं। उस समय किशोरी की मां काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर किशोरी को बहला-फुसलाकर क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़े घेर में ले गए, जहां उसके साथ वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद किशोरी ने अपनी मां को मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।