
नई दिल्ली। दिल्ली के टिकरी कलां में टिकरी मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार दोपहर CNG पंप पर गैस भरते समय भीषण धमाका हो गया। हादसा करीब 3:20 बजे हुआ, जब हरियाणा नंबर के एक कैंटर में CNG भरी जा रही थी। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों-दुकानों के शीशे तक हिल गए।
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार हादसे में CNG पंप पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय मनीष, 34 वर्षीय ब्रह्मजीत और 30 वर्षीय सनी के रूप में हुई है। तीनों इसी CNG स्टेशन पर काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, धमाके के दौरान ट्रक के सिलिंडर बॉक्स से तीन सिलिंडर अलग हो गए, जिसकी चपेट में आने से पंप कर्मचारियों समेत छह लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत मुंडका स्थित सीडी ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक कर्मचारी की मौत सीडी ग्लोबल अस्पताल में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के बाद पंप परिसर में धूल और धुआं भर गया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ समय तक लोग घटनास्थल के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
बताया जा रहा है कि धमाके की चपेट में आने से कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर खून और मलबा बिखरा हुआ था। मृतक ब्रह्मजीत के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ओवर-प्रेशर या सिलिंडर में गैस लीकेज को हादसे की संभावित वजह मान रही है। हालांकि, धमाके का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने फोरेंसिक और दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
CNG स्टेशन को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की टीम को भी निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। पुलिस स्टेशन पर सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुंडका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।