
कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में, GRAP-2 के प्रतिबंध लागू; सीमाओं पर वाहनों की जांच तेज
नई दिल्ली। दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 451 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है, जबकि नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के रोहिणी में AQI 429, पंजाबी बाग में 424 और बवाना में 408 दर्ज किया गया। वहीं पटपड़गंज में 379, आरके पुरम में 374, आईटीओ में 373, अक्षरधाम के आसपास 373, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 355, ओखला फेज-2 और चांदनी चौक में 352 तथा जेएनयू में 328 एक्यूआई रहा। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब से गंभीर श्रेणी के बीच दर्ज की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर AQI 287, आनंद विहार में 279, उत्तम नगर में 274 और आईएमडी लोधी रोड पर 226 दर्ज किया गया।
नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर गंभीर
दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 404 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। सेक्टर-39 में यह 365 और सेक्टर-150 में 343 रहा। इससे साफ है कि प्रदूषण का असर दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के दूसरे शहरों में भी बना हुआ है।
GRAP-2 के प्रतिबंध लागू, सीमाओं पर जांच तेज
दिल्ली में एक्यूआई 300 के पार पहुंचने के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लगी दिल्ली की सीमाओं पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
दिवाली से पहले हवा की बिगड़ती गुणवत्ता ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में प्रदूषण पर नियंत्रण और हवा की गुणवत्ता में सुधार प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगा।

