
ग्रेटर नोएडा/दनकौर। सड़कों पर घूम रहे लावारिस गोवंश लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में बुधवार देर रात अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है और लावारिस पशुओं को सड़कों से हटाने की मांग तेज हो गई है।
पहला हादसा दनकौर-सिकंदराबाद रोड स्थित बिजलीघर चौराहे के पास हुआ, जहां बाइक सवार अनीश (47) की लावारिस गोवंश से टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल अनीश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अनीश बुलंदशहर के रहने वाले थे और दनकौर में कारपेंटर का काम करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा हादसा गंग नहर पटरी मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में हरिकेश (38) और उनकी पत्नी प्रियंका (32) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के सामने अचानक एक गोवंश आ गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनकौर-सिकंदराबाद रोड, बिजलीघर चौराहा, समसपुर कट और कनारसी चौराहे पर अक्सर लावारिस गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। पिछले तीन महीनों में इस मार्ग पर ऐसे करीब 10 सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
लोगों ने आरोप लगाया कि कैटल टैगिंग जैसी योजनाएं भी केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर लावारिस पशुओं को सड़कों से हटाने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने की मांग की है।