
हापुड़ जिले के सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर वैठ मोड़ चौकी के ऊपर बने फ्लाईओवर पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे एक कार जा घुसी। हादसे में कार सवार 59 वर्षीय बीना देवी की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी सौम्या और कार चालक अमित को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार कार में चालक अमित पुत्र सतीश निवासी गांव गढ़ी छतरी, थाना ओरछा, जनपद मैनपुरी के अलावा बरेली निवासी बीना देवी पत्नी अमरनाथ और उनकी बेटी सौम्या सवार थीं। कार एनएच-9 के फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बीना देवी को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी सौम्या और चालक अमित को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायल का उपचार कराया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।