
मुरादनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की मनोकामना को लेकर रेसलिंग खिलाड़ी बॉबी यादव 201 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर हरिद्वार से पैदल यात्रा पर निकले हैं। शुक्रवार को वह अपनी टीम के साथ मुरादनगर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय थाने में पड़ाव डाला। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
नोएडा के सर्फाबाद निवासी बॉबी यादव ने बताया कि उन्होंने एक जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल उठाया था। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनकी आस्था और संकल्प का प्रतीक है तथा वह अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना के साथ यह यात्रा कर रहे हैं।
बॉबी यादव के साथ रिंकू, मोनू, हर्ष, राज और लविश सहित कई साथी भी इस पदयात्रा में शामिल हैं। यात्रा के दौरान यह दल विभिन्न स्थानों पर रुकते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है, जहां स्थानीय लोग और समर्थक उनका स्वागत कर रहे हैं।
बॉबी यादव का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि इस पवित्र कांवड़ यात्रा के माध्यम से उनकी मनोकामना पूरी होगी।