
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा हंगामा देखने को मिला। मुरादनगर थाना क्षेत्र के प्रिया सिनेमा के सामने सुबह करीब छह बजे एक 108 एंबुलेंस और कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और एंबुलेंस दोनों क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि टक्कर से उनकी कांवड़ भी खंडित हो गई।
घटना के बाद नाराज कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने नुकसान की भरपाई की मांग पर अड़े रहे।
बताया जा रहा है कि हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे नोएडा निवासी एक दर्जन से अधिक शिवभक्त रविवार रात मुरादनगर के एक कांवड़ सेवा शिविर में रुके थे। सोमवार सुबह अपने गंतव्य के लिए रवाना होते समय यह हादसा हो गया।
बाद में कांवड़िये मुरादनगर थाने पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस लगातार उनसे वार्ता कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
एसीपी मसूरी सर्कल सुनील कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को समझाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।