
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में बुधवार को हुई युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए एमएमजी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार को विक्रम एन्क्लेव में 23 वर्षीय मश्ताक पर सीमापुरी, दिल्ली निवासी समीर उर्फ गट्टू ने चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल मश्ताक को राजीव गांधी अस्पताल दिल्ली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह मुखबिर की सूचना पर डीएवी कट के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान डीएलएफ की ओर से केटीएम बाइक पर आ रहे संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपी बाइक मोड़कर टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली की ओर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक कूड़े के ढेर से टकराकर गिर गई।
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद समीर ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और कमर में छिपाकर रखा गया चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चाकू को हत्या की वारदात में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा बरामद बाइक चोरी की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी समीर के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बलवा, हत्या के प्रयास, अवैध गांजा बरामदगी और हत्या से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। पुलिस ने मुठभेड़, अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामदगी के संबंध में भी नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।