
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार सुबह एक 13 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया। किशोरी अपने घर की बालकनी में फंदे से लटकी मिली। उसकी 17 वर्षीय बड़ी बहन ने उसे देखा और तुरंत पड़ोसियों व परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह किसी बात को लेकर किशोरी के माता-पिता ने उसे फोन पर डांटा था। पुलिस इस घटना को इसी घटनाक्रम से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी मूल रूप से मधुबनी, बिहार की रहने वाली थी और परिवार के साथ कृष्णा नगर की गली नंबर-10, शंकर विहार में रहती थी। उसके माता-पिता पिछले कुछ दिनों से बिहार गए हुए थे। घर पर दोनों बहनें ही थीं, जबकि पड़ोस में उनके रिश्तेदार भी रहते हैं।
शनिवार सुबह माता-पिता ने फोन पर 13 वर्षीय बेटी को किसी बात को लेकर डांटा। इसके कुछ देर बाद बड़ी बहन किसी काम से घर से बाहर चली गई। जब वह वापस लौटी तो उसने छोटी बहन को बालकनी में फंदे से लटका देखा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। क्राइम टीम और एफएसएल ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस किशोरी के परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल कृष्णा नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।