
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित 2ए ब्लॉक में एक तीन मंजिला इमारत के खतरनाक तरीके से झुक जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मंगलवार को इमारत का एक स्लैब गिरने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इमारत लंबे समय से झुकी हुई है और इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासी राकेश ने बताया कि बिल्डरों ने पुरानी इमारत को पूरी तरह तोड़कर दोबारा निर्माण नहीं किया, बल्कि उसी ढांचे पर अतिरिक्त मंजिलें बनाकर बेच दीं। उन्होंने कहा कि अब फ्लैट खरीदने वाले लोग इस खतरनाक स्थिति का सामना कर रहे हैं।
एक अन्य निवासी ने बताया कि हाल के दिनों में इमारत का झुकाव और बढ़ गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इमारत के आसपास कई स्कूल हैं, जहां से रोज बड़ी संख्या में बच्चे और स्थानीय लोग गुजरते हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार रात इमारत का एक छज्जा और स्लैब भी गिर गया था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का कहना है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि इमारत की दूसरी मंजिल पर अभी भी एक परिवार रह रहा है, जबकि भूतल पर ऑटो-रिक्शा पार्क किए जाते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इमारत का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई करने और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।