
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया, जिसकी पहचान कोमल (50) के रूप में हुई। अपराध शाखा की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतका की पहचान परिजनों द्वारा की गई। मृतका के पुत्र गौरव के बयान के आधार पर जगतपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश जारी है।