
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मानसून अब तक रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। कभी हल्की बारिश, कभी तेज धूप और कभी उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जुलाई माह में भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिला। पूरे महीने में केवल 11 दिन बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी दिनों में उमस और गर्मी का असर बना रहा।
हालांकि, इस बार जुलाई में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई 2026 में 261.52 मिमी बारिश हुई, जबकि जुलाई 2025 में 14 दिनों में 259.11 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
29 जुलाई के बाद राजधानी में कोई अच्छी बारिश नहीं हुई है। पिछले तीन दिनों से लोग झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि उमस भरी गर्मी से राहत मिल सके। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी और नमी दोनों परेशान कर रहे हैं।
शुक्रवार को भी मौसम शुष्क रहा। दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौली चलती रही। हालांकि सुबह तेज हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 1 अगस्त से 6 अगस्त के बीच दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सप्ताह के शुरुआती दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जबकि बाद के दिनों में एक से दो डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।