
नई दिल्ली। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच भारत ने मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान तेज कर दिया है। बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए राहत सामग्री की दूसरी खेप हिंडन एयरबेस से रवाना की गई। भारतीय वायुसेना के C-17 ग्लोबमास्टर विमान से दवाइयां, खाद्य पैकेट, मेडिकल सप्लाई और अन्य जरूरी राहत सामग्री भेजी गई है।
भारतीय वायुसेना के अनुसार दूसरी उड़ान में करीब 30 से 40 टन राहत सामग्री ले जाई जा रही है। इसमें मेडिकल सप्लाई और एनडीआरएफ से संबंधित आवश्यक सामान भी शामिल है। विमान के काठमांडू पहुंचने के बाद राहत सामग्री नेपाल में प्रभावित लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
इससे पहले बुधवार रात भारतीय वायुसेना के C-130J हरक्यूलिस विमान से नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी गई थी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अनुसार पहली खेप में करीब 10 टन मानवीय सहायता सामग्री भेजी गई थी।
वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि विमान ने हिंडन एयरबेस से उड़ान भरने के बाद करीब दो घंटे में नेपाल पहुंचकर राहत सामग्री पहुंचाई। इसमें दवाइयों और अन्य जरूरी सामान के साथ जनरेटर भी शामिल थे।
भारतीय वायुसेना ने कहा कि वह आपात परिस्थितियों में भारत के साथ-साथ नेपाल, म्यांमार और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में भी राहत अभियान चलाती रही है। अधिकारियों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर नेपाल के लिए और राहत सामग्री भेजने की तैयारी भी की जा सकती है।
नेपाल में बाढ़ के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे अपने नागरिकों की सहायता के लिए 1070 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यूपी राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, नेपाल में फंसे किसी नागरिक के परिजन इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए दूतावास स्तर पर भी संपर्क शुरू किया है। इसका उद्देश्य नेपाल में फंसे लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित वापस लाने में मदद करना है।
भारत की ओर से लगातार भेजी जा रही राहत सामग्री से बाढ़ प्रभावित नेपाल में राहत एवं बचाव अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है।