
बुलंदशहर के नुमाइश फ्लाईओवर पर शनिवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। कालाआम चौराहे से दिल्ली रोड की ओर जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। फ्लाईओवर के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद थार लोहे की रेलिंग और बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग उखड़ गई और थार पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से वाहन में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद नुमाइश फ्लाईओवर पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा होना सामने आया है। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।